मैनपुरी-अजीतगंज। कुसमरा से मैनपुरी जा रही प्राइवेट बस में एक महिला अचानक आग-आग करके चीखने लगी। बस में आग लगने की अफवाह से एक ओर ड्राइवर ने ब्रेक लगाए तो दूसरी ओर यात्री चलती बस से कूदने लगे। बस रुकते ही अफरा-तफरी के बीच सभी यात्री बस से उतर आए। बाद में पता चला कि आग महिला की साड़ी में लगी थी। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली और बस मैनपुरी के लिए रवाना हो गई।
मंगलवार दोपहर एक प्राइवेट बस कुसमरा से सवारियां लेकर मैनपुरी जा रही थी। बस जब थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अजीतगंज के पास पहुंची तभी एक यात्री ने अचानक जलती हुई बीड़ी फेंकी। बीड़ी बस में बैठी महिला की साड़ी पर गिर गई। हवा लगने से साड़ी ने आग पकड़ ली। इसी बीच महिला आग-आग करके बचाव के लिए चीखने लगी। अफरा-तफरी के बीच ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दी। बस रुकती इससे पहले ही यात्री बचने के लिए कूदने लगे।
बस रुकने के बाद लोगों को पता चला कि आग बस में नहीं, बल्कि महिला की साड़ी में लगी थी। महिला ने समय से आग बुझाकर खुद को सुरक्षित कर लिया था। बस में सवार यात्री राधेश्याम ने बताया कि महिला के चीखते ही बस में सवार सभी यात्री दहशत में आ गए थे। उन्होंने बताया कि महिला को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं दहशत में आई महिला ने अपना नाम बताने से इंकार कर दिया।