सहावर(कासगंज)।
अमांपुर और सहावर की डकैती का राजफाश करने में जुटी एसटीएफ, एसओजी और पुलिस की पुलिस टीमें अभी तक डकैती की वारदात का कोई सुराग नहीं तलाश पाई हैं। पुलिस ने फिरोजाबाद, बदायूं, फर्रुखाबाद, अलीगढ़ सहित कई जनपदों में हाबुड़ा, बंजारों के डेरे व अन्य स्थानों पर दविशें भी दी हैं। कई संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
एडीजी जोन अजय आनंद ने शुक्रवार को सहावर की डकैती की घटना और उपद्रव की सूचना पर मौके पर पहुंचकर एसटीएफ सहित एसओजी व अन्य पुलिस टीमों को चुनौती बनी इस घटना का खुलासा करने को लगाया था। अलीगढ़, आगरा सहित अन्य जनपदों के तेज तर्रार पुलिसकर्मियों को खुलासे की जिम्मेदारी दी गई। एडीजी ने इन घटनाओं के पीछे हाबुड़ा,बाबरिया, घुमंतु गिरोह के द्वारा वारदात किए जाने की आशंका भी जताई। इन आशंकाओं को देखते हुए एसटीएफ सहित सभी पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ जोन के कई जिलों में दविशें देकर संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कुछ संदिग्धों को अमांपुर लाया गया है तो कई संदिग्धों को अन्य थानों में रखकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के आला अधिकारी पुलिस टीमों की प्रगति पर निगाह रख रहे हैं। स्वयं अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी सहावर में कैंप करके पूरी नजर बनाए हुए हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस टीमें भी संदिग्धों के मोबाइल डाटा का चेक कर रही हैं। अभी तक मामले के खुलासे में कोई प्रगति नजर नहीं आ रही। लोगों की निगाहें डकैती की इन वारदातों के खुलासे पर टीकीं हैं।
डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने सहावर थाने पहुंचकर इस पूरे मामले में पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने एसटीएफ और एसओजी टीम के प्रभारियों से बातचीत की। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक से मंत्रणा की।
पुलिस की टीमें मामले के खुलासे के लिए प्रयास कर रहीं हैं। कई जिलों में दविश दी गईं हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीमों को खुलासे में जल्द ही सफलता मिलेगी। गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है: पीयूष कुमार श्रीवास्तव, डीआईजी