कासगंज/पटियाली। पटियाली में रविवार देर रात रंजिश में हुई युवक हरीशचंद्र की हत्या के मामले में छह लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने बलवा और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। देर रात एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर और पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
मोहल्ला चौक निवासी हरीशचंद्र (22) पुत्र रामप्रकाश अपनी बहन कुसमा के साथ बाजार से कपड़े लेकर रविवार देर रात लौट रहा था। तभी मोहल्ला चौक में गंगासहाय की दुकान के सामने आरोपियों ने हरीशचंद्र को घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। कई गोलियां लगने से हरीशचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में हरीशचंद्र की बहन कुसमा की तहरीर पर दशरथ उर्फ भानू पुत्र सीताराम, संजय उर्फ पप्पू पुत्र विनय, बंटू पुत्र बनारसीदास, गिरीश पुत्र सीताराम, रामवीर पुत्र होतीलाल, रामनिवास पुत्र बाबूराम निवासीगण मौहल्ला चौक के खिलाफ हत्या के आरोप प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बलवा और हत्या की धाराओं में मामला में पंजीकृत कर लिया है।
इधर, देर रात हत्या की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों में हत्या को लेकर आक्रोश था। सूचना पर आसपास के थानों का पुलिसबल भी मौके पर आ गया। तनाव को देखते हुए पीएसी भी रात में लगा दी गई। एसपी पीयूष कुमार श्रीवास्तव देर रात मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी की। एसपी ने सीओ पटियाली करमवीर सिंह को पुलिस टीमें गठित कर हत्यारों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार शाम पटियाली पहुंचा युवक का शव, पुलिस छावनी बना इलाका
पटियाली। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव सोमवार शाम पटियाली पहुंचा। शव पहुंचते ही युवक के घर कोहराम मच गया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पहले से ही सतर्क हो गया। पूरे इलाके में सर्किल के अन्य थानों के पुलिसबल के साथ पीएसी भी तैनात की गई। पूरा इलाका छावनी बना रहा। इसके बाद शव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। अंतिम संस्कार के दौरान भी पुलिस की कड़ी चौकसी बनी रही।