परिवार में खुशियों के बीच छात्र मोनू की मौत की घटना ने परिवार को गहरे सदमे में ला दिया है। परिवार के सदस्यों के साथ ही नाते रिश्तेदार तक इस घटना से द्रवित हो उठे। हर किसी की आंखे नम हो गई। परिवार में कोहराम मच गया।
छात्र की वहन गीता की 16 फरवरी को शादी है। शिकोहाबाद से बारात आनी है। इसके चलते घर में नाते रिश्तेदार जमा हैं। बुधवार को घर में हल्दी की रस्म का कार्यक्रम चल रहा था। हर कोई खुश नजर आ रहा था। इसी बीच जैसे ही सड़क हादसे की सूचना परिवारीजनों को मिली वे सकते में आ गए। कुछ ही देर में उसकी मौत की सूचना परिवारीजनों को मिलो। चंद मिनट में ही खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया। छात्र की मां बेबी, मौसी रेनू व रेखा, वहन गीता, शिवानी, भाई सोनू सहित अन्य सभी परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहन की शादी की निभा रहा था जिम्मेदारी
मोनू परिवारीजनों के साथ अपनी बहन की शादी की तैयारियों लगा था। उसके पिता ने उससे बैंक से रुपये 40 हजार रुपये निकलवाए थे। हादसे से कुछ देर पहले ही उसने यह रकम पिता को लाकर दी। इसके अलावा वह रिश्तेदारी में कार्ड भी बांट कर आया।
पिता के मन में सता रहा था अनहोनी का डर
मोनू के पिता को परिवार में कुछ अनहोनी होने का अहसास पहले ही हो गया। वे बोले कि शादी की खुशियों के बीच भी उनका मन नहीं लग रहा था। उन्हें लग रहा था कि परिवार में कुछ अनहोनी होने वाली है और यह अनहोनी हो गई।