कासगंज से एटा जिला मुख्यालय को फोरलेन सड़क योजना से जोड़े जाने का कार्य लंबी प्रतीक्षा के बाद बुधवार को शुरू हो गया। बुधवार को सड़क के निर्माण के लिए पूजा अर्चना के साथ विधिवत खुदाई शुरू की गई। निर्माणदायी कंपनी को नोडल ऑफिसर ने निर्माण का कार्य तेजी से मानकों के अनुरूप तेजी से करने के लिए निर्देशित किया है।
कासगंज-एटा मार्ग के किलोमीटर 21 पर बुधवार की सुबह लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और निर्माणदायी कंपनी के अधिकारी पहुंचे। नोडल अधिकारी सीपी सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ पूजा अर्चना की। इसके साथ ही किलोमीटर 21 से सड़क की खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया। अभी निर्माण विभाग उन स्थानों पर खुदाई का कार्य कर रहा है जहां पेड़ नहीं हैं। उधर वन विभाग के द्वारा पेड़ों का कटान करने की तैयारी की जा रही है। टेंडर की प्रक्रिया होते ही पेड़ों के कटान का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। फोरलेन सड़क योजना के लिए अलग अलग खंडों में काम हो रहे हैं। काली नदी पर ब्रिज कॉर्पोरेशन पुल का निर्माण करा रहा है। वहीं नाल-नालियों के निर्माण की प्रक्रिया भी चल रही है, लेकिन इस परियोजना में रेलवे की चाल सुस्त नजर आ रही है। रेलवे को दो अंडरपास बनाने हैं। बांकनेर पुल पर तो अंडरपास बनाने के लिए रेलवे तैयार है, लेकिन नदरई के रेल पुल पर अंडरपास बनाने के लिए रेलवे तैयार नहीं है। हालांकि दोनों अंडरपास बनाने के रेलवे पहले ही स्वीकृति जारी कर चुका है, लेकिन जब परियोजना पर काम शुरू हो चुका है ऐसे में रेलवे की नदरई पर अंडरपास बनाने में असहमति कार्य की प्रगति रोक रही है। लोक निर्माण विभाग ने इस संबंध में रेलवे को पत्र लिखकर स्वीकृत दोनों अंडरपास बनाने की मांग उठाई है, लेकिन अभी तक रेलवे के अधिकारी इस पर निर्णय नहीं ले पाए हैं। बांकनेर पुल पर भी अंडरपास बनाने का काम रेलवे ने अभी शुरू नहीं किया है। नोडल अधिकारी सीपी सिंह का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए खुदाई का काम शुरू हो चुका है। अब यह योजना तेजी से प्रगति पकड़ेगी।