आगरा। रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर परिवहन निगम ने चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द कर दी है। इतना ही नहीं पांच से 10 अगस्त तक आगरा परिक्षेत्र की बसें प्रतिदिन एक सौ फेरे (चक्कर) अतिरिक्त लगाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यस्त रूटों पर अतिरिक्त बसें चलेंगी। इसके लिए चालक, परिचालकों को प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा।
रक्षाबंधन के त्योहार पर पांच अगस्त से ही बहनों की भीड़ रोडवेज बसों में उमड़ना शुरू हो जाएगी। दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, इटावा, मुरादाबाद और बरेली पूर्वी क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसें चलेंगी। दिल्ली से गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली क्षेत्रों के लिए वर्तमान प्रतिबंध भी नहीं रहेगा। इसके अलावा एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, जलेसर, हाथरस, सादाबाद, भरतपुर, धौलपुर रूटों पर भी रोडवेज बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी।
इस दौरान प्रमुख बस स्टैंडों पर एक-एक केंद्र प्रभारी तैनात रहेगा, जोकि बसों की उपलब्धता देखेगा। इसके अलावा सभी मार्गों पर सचल दल सघन चेकिंग अभियान चलाएंगे। साथ ही चालक, परिचालकों को निर्देशित किया गया है कि वह सभी स्टापेज से यात्रियों को बस में बैठाएं।
छह दिन तक लगातार बस संचालन करने वाले चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन भत्ते के रूप में 1200 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा भी इंसेटिव मिलेगा। उन्होंने बताया कि सर्विस मैनेजर ने सभी बसों को दुरुस्त करा लिया है, ताकि कोई बस रास्ते में खराब नहीं हो।
-मोहनलाल भूषण, एआरएम