मैनपुरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। मेडिकल स्टोर पर रोजाना औषधि निरीक्षक द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को भी शहर के दो मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर चार दवाओं के नमूने भरे गए।
औषधि निरीक्षक उर्मिला यादव ने शहर के राजा का बाग स्थित मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। सबसे पहले वे न्यू मिश्रा मेडिकल स्टोर पर निरीक्षण के यहां पहुंचीं। यहां उन्होंने दवाओं के क्रय और विक्रय अभिलेख देखने के साथ ही एक्सपायरी दवा के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चार दवाओं के नमूने भी लिए। जिसमें पैरासिटामोल का एक, निमोस्लाइट पैरासिटामोल कॉम्बिनेशन का एक, एमोक्सीसिलीन कैप्सूल का एक और स्टेरॉइड का एक नमूना लिया। इसके बाद उन्होंने महावीर औषधि भंडार राजा का बाग का निरीक्षण किया। यहां क्रय विक्रय के अभिलेख देखे। निरीक्षण के दौरान संचालक ने क्रय के तो अभिलेख दिखा दिए, लेकिन विक्रय के अभिलेख नहीं दिखा पाए। इस पर औषधि निरीक्षक ने जल्द से जल्द विक्रय बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। औषधि अनुसेवक रामकुमार ने सभी नमूने सील कर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे हैं।
कार्रवाई हुई तो दिखा रहे सत्ता की ताकत
मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई से संचालकों में खलबली मची हुई है। कुछ मेडिकल स्टोर संचालक अधिकारी को सत्ता का दबदबा दिखा रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि वे तो सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता हैं, फिर उनके ऊपर कार्रवाई क्यों की जा रही है। वे तो यहां तक कह रहे हैं कि उनका कुछ नहीं होगा।