मैनपुरी। पावर हाउस जाने वाले मार्ग पर स्थित चार दुकानों से चोरों ने हजारों का सामान और नकदी चोरी कर ली। तीन दुकानों में नकब लगाया गया। वहीं एक दुकान का शटर तोड़ा गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जांच की। दुकानदारों की ओर से तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र में भावंत चौराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास पावर हाउस कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर योगेंद्र सिंह की सुधांशू मेडिकल, सर्वेश कुमार की कपड़ों की दुकान व सत्यपाल की बैंडबाजे की दुकान में चोरों ने नकब लगा दिया। सुधांशू मेडिकल के मालिक योगेंद्र सिंह ने बताया कि चोर करीब 35 हजार की दवा व दस हजार की नकदी ले गए।
सर्वेश की दुकान से चार हजार की नकदी व 25 हजार का सामान, वहीं सत्यपाल की बैंड की दुकान से करीब 60 हजार की मशीनें चोरी कर लीं गईं। चोरों ने पास ही स्थित एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान का शटर तोड़कर हजारों का माल चोरी किया। दुकान मालिक राजीव कुमार ने बताया कि करीब 70 हजार का सामान चोरी किया गया है।
सोमवार की सुबह जानकारी होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांचकर जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की बात कही है। चोरी की वारदात भांवत चौराह के पास हुई। ठीक चौराहा पर चौकी स्थित है। वहीं क्रॉसिंग के पास चोरी की वारदात हुई। चौकी पर रात के समय डायल 100 की गाड़ियां खड़ी रहती हैं। बावजूद इसके चोरों होने से लोगों में आक्रोश है।