शहर के कोल्ड स्टोर फुल, किसान कर रहे इंतजार
फिरोजाबाद। यूपीएसआईडीसी स्थित बंद पड़े ईगल कोल्ड स्टोरेज में रविवार को अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। सूचना पर एसडीएम सदर, नायब तहसीलदार और डीएचओ पहुंच गए। सीएफओ के निर्देशन में डेढ़ घंटे की कवायद के बाद गैस के रिसाव बंद किया जा सका।
थाना रामगढ़ क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी में ईगल व विष्णु कोल्ड स्टोरेज विवाद के चलते जिला प्रशासन ने सील कर रखा है। बंद पडे़ कोल्डस्टोरेज में से रविवार को सुबह अमोनिया गैस के रिसाव होने की किसी ने सूचना दी। गैस रिसाव की जानकारी पर प्रशासन में खलबली मच गई।
तत्काल सुबह दस बजे एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार राकेश चंद्रा और डीएचओ विनय कुमार यादव कोल्ड स्टोरेज पर पहुंचे। उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सीएफओ जशवीर सिंह पुरी टीम के साथ ही मौके पर पहुंच गए।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अमोनिया गैस के रिसाव को बंद किया जा सका। अमोनिया गैस का रिसाव बंद होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। डीएचओ विनय कुमार यादव ने कहा कि सील कोल्डस्टोरेज के एक बाल्व से हल्का गैस रिसाव हो रहा था।
किसी व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने रिसाव बंद कर दिया है। सीएफओ जशवीर सिंह का कहना है कि अमोनिया गैस के रिसाव की सूचना पर टीम यूपीएसआईडीसी स्थित सील कोल्डस्टोरेज में गए थे। करीब डेढ़ घंटे में गैस रिसाव बंद कर दिया गया।