मैनपुरी( कटरा समान)। जिले में बारिश के कारण कच्चे मकानों के गिरने से लोगों के घायल होने का सिलसिला नहीं थम रहा है। विकास खंड किशनी के गांव नैगवां में शुक्रवार रात बारिश के कारण दीवार गिरने से तीन भाई दब गए। लोगों ने मौके पर पहुंच कर तीनों को मलबे से बाहर निकाला। वहीं, बरनाहल के गांव नगला पूठ में दीवार गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया।
शुक्रवार रात तीन सगे भाई दीपक, सचिन और भूपेंद्र टीनशेड में सो रहे थे। रात के वक्त अचानक टीनशेड सहित दीवार उनके ऊपर गिर पड़ी। इस कारण तीनों भाई मलबे में दब गए। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। मशक्कत के बाद लोगों ने तीनों भाइयों को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में उनको काफी चोटें आई हैं। लोगों का कहना था कि गनीमत रही कि वह दीवार की तरफ पैर कर सो रहे थे। इस कारण दीवार पैरों पर गिर पड़ी।
सूचना पर शनिवार सुबह लेखपाल मोहित कुमार गांव पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके अलावा रामरतन सिंह, दिनेश सिंह, अमित, मुन्ना, राजीव नाई, पप्पू, अशोक सिंह, योगेंद्र सिंह, कौशलेंद्र, विजय कुमार के भी मकानों को नुकसान हुआ है। बरनाहल के गांव नगला पूठ में धर्मवीर सिंह के मकान के पास बारिश के कारण गली में पानी भरा रहता है। जलभराव के कारण नींव कमजोर हो जाने के कारण पक्की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में वह घायल हो गए।