वृंदावन (मथुरा)। कोतवाली के गांव तेहरा में तेज गति से दौड़ते ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बच्चे की मौत हो गई। उसका भाई, मां और एक अन्य बच्चा बाल बाल बचा। ग्रामीणों के रोकने पर ट्रैक्टर चालक और उसके साथी लोगों से मारपीट कर भाग निकले। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव तेहरा निवासी गीतम सिंह का 12 वर्षीय बेटा राहुल अपनी मां शकुंतला के साथ सोमवार सुबह गांव से बाहर कान्हा माखन पब्लिक स्कूल के समीप हैंडपंप से पानी भरकर साइकिल से लौट रहा था। राहुल के साथ उसका बड़ा भाई प्रशांत और उसका मित्र सूरज भी थे। हरिदास शास्त्री गोशाला के समीप तेज गति से आते ट्रैक्टर-ट्राली ने राहुल को कुचल दिया।
हादसे में प्रशांत, सूरज और शकुंतला बाल-बाल बचे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोक लिया और चालक को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि ट्राली में सवार चालक के भाई और अन्य परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की और ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग खड़े हुए।
गुस्साए ग्रामीणों ने शव रास्ते पर रखकर जाम लगा दिया। इसी बीच कुछ गुस्साए लोग आरोपी ट्रैक्टर चालक किशन सिंह के घर पहुंच गए और दरवाजे पर पथराव किया। लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
काफी देर तक लोगों ने शव को सड़क पर रखकर पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने शव को उठाने दिया। मृतक के पिता गीतम सिंह ने ट्रैक्टर चालक किशन सिंह के साथ ही मोहन बघेल, राजेश, राहुल, अतरी आदि के खिलाफ तहरीर दी है।
सुनाई नहीं देता है ट्रैक्टर चालक को
वृंदावन। दुर्घटना को अंजाम देने वाला ट्रैक्टर चालक किशन सिंह को सुनाई नहीं देता है। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के समय ट्रैक्टर काफी तेज गति में था।