सहावर और अमांपुर की दिल दहलाने वाली डकैती के बाद चार लोगों की हत्या करने वाले तीन बदमाशों को अलीगढ़ की पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। मरने से पहले इन बदमाशों ने डकैती की घटनाओं के जुर्म के कुबूल किया। मुठभेड़ के दौरान फरार हुए कुछ बदमाशों की पुलिस टीमें तलाश कर रहीं हैं। कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने इस संबंध में बताया कि अलीगढ़ पुलिस को सर्विलांस की मदद से पिछले कई दिनों से जनपद के सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों द्वारा किसी जघन्य घटना को अंजाम देने की जानकारी मिल रही थी। शुक्रवार की देर रात्रि सर्विलांस टीम को बदमाशों की लोकेशन थाना दादों क्षेत्र में मिली तो सर्विलांस, क्यू आरटी और स्थानीय थाने की पुलिस टीम ने क्षेत्र में बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम का गांव सीकरी जंगलों में बदमाशों के गैंग से आमना-सामना हो गया। पुलिस टीम ने बदमाशों को टोका तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो मुठभेड़ में गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए। इसमें एहसान उर्फ जीशान पुत्र अलावर खान निवासी किन्यावली थाना सुल्फी जनपद अलीगढ़, आदिल उर्फ अब्दुल रहमान पुत्र राज हसन उर्फ अली हसन निवासी मंचूरा थाना कैराना जनपद शामली, सोहेल उर्फ वसीम पुत्र असलम निवासी छब्बीबारा थाना हनुमानगढ़ राजस्थान को घायल अवस्था में अलीगढ़ के मलखान सिंह अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने इन्हें मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने इन बदमाशों से पूछताछ की तो इन्होंने सहावर और अमांपुर की डकैती की वारदातों को स्वीकार किया। इस मुठभेड़ में अलीगढ़ की सर्विलांस में नियुक्त कांस्टेबल विनोद कुमार एवं कांस्टेबल मनोज कुमार भी घायल हो गए। इन दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम फरार बदमाशों की तलाश में जंगलों में कांबिंग कर रही है।