मथुरा। एक बार फिर कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा फर्जीवाड़े में फंस गए हैं। पालीखेड़ा में लाखों रुपये की जमीन को फर्जीवाड़ा करके बेचने के मामले में जयकृष्ण सिंह राणा समेत पांच के खिलाफ थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हाईवे पुलिस मामला दो साल पुराना बता रही है। हाईवे पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
500 करोड़ रुपये लेकर फरार कल्पतरु ग्रुप के मालिक पर अभी तक 52 मुकदमें थाना फरह में दर्ज हो चुके हैं। फिर भी पुलिस अभी तक जालसाज जयकृष्ण सिंह राणा को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। एक बार फिर कल्पतरु ग्रुप के मालिक पर थाना हाईवे में फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज हुआ है।
कोतवाली के भैंस बहोरा निवासी भूरी सिंह पुत्र छतर सिंह ने कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा, सौंख रोड अतिथि पैलेस निवासी भानुप्रताप सिंह, मनोहरपुरा पानी की टंकी निवासी मो. उस्मान, मो. आरिफ, गोवर्धन के अहमदपुर निवासी विनोद शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि इन नामजदों ने गांव पालीखेड़ा में एक एकड़ 61 डेसीमिल जमीन फर्जीवाड़े तरीके से बेची थी। थाना हाईवे के एसएसआई राकेेश कुमार ने बताया कि दो साल पुराना मामला है। मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।