मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के तहत संचालित कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए एनसीईआरटी ने नवीन पाठ्यक्रम जारी किया है। इस पाठ्यक्रम के तहत पुस्तक विक्रेताओं ने किताबों के साथ गाइड देना शुरू कर दिया है। जिस पर डीआईओएस ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
डीआईओएस जीएस राजपूत ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई कि कुछ किताबों के विक्रेता कक्षा नौ से 12 तक की एनसीईआरटी द्वारा निर्धारित पाठ्यपुस्तकों के साथ अभिभावकों पर गाइड लेने का दबाव बना रहे हैं। इसे कदापि स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कहीं से शिकायत होती है और जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित पुस्तक विक्रेता के विरुद्ध मामला दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी
मैनपुरी। डीआईओएस ने प्रधानाचार्य राजकीय कन्या इंटर कालेज घिरोर, प्रधानाचार्य राजकीय कन्या इंटर कालेज मानपुरहरी, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कालेज मैनपुरी, प्रधानाचार्य राजकीय कन्या इंटर कालेज करहल, प्रधानाचार्य राजकीय कन्या इंटर कालेज किशनी, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल चंदीकरा बरनाहल, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल रोसिंगपुर कुरावली, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल लहरा सुल्तानगंज, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल रतनपुर बरा जागीर को अपने- अपने ब्लाक का नोडल अधिकारी नियुक्ति किया है। ये नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र की पुस्तक विक्रेताओं के यहां निरीक्षण करेंगे।