मथुरा। डा. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित परीक्षाओं में जमकर नकल का खेल चल रहा है। जनपदीय सचल दल की छापामार कार्रवाई में 27 नकलची पकड़ में आए हैं। इस दौरान कालेज प्रबंधन की व्यवस्थाओं की भी पोल खुल गई है।
विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में वित्त विहीन डिग्री कॉलेजों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां नकल की शिकायत कुलपति तक पहुंच रही हैं। इसी के दृष्टिगत जनपद में डा. एमएस छौंकर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में शनिवार को तीन परीक्षा केंद्रों पर छापा मारा गया। इसमें सुबह सात से 10 बजे की प्रथम पाली में कन्हैया लाल महाविद्यालय गांव थाना शमशाबाद में एमए एजूकेशन के दो परीक्षार्थी नकल करते मिले। फरह स्थित धनवंतरी एजूकेशन इंस्टीट्यूट में बीएससी तृतीय वर्ष के पांच परीक्षार्थी पकड़े गए। दोपहर की पाली में आरबीएस कालेज मडौरा बलदेव में बीए के 20 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। इसकी रिपोर्ट नोडल अधिकारी ने डीएम और कुलपति को भेज दी है।
जिले में 11 डिग्री कॉलेज अतिसंवेदनशील, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
मथुरा। डा. बीआर आंबेडकर विवि आगरा के कुलपति के निर्देश पर डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने जिले के 11 डिग्री कॉलेजों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। यह मजिस्ट्रेेट तीनों पालियों में प्रथम पत्र की सील खुलने से उत्तर पुस्तिकाओं पर सील लगने तक जिम्मेदार रहेंगे। विवि की ओर से अतिसंवेदनशील घोषित किए महाविद्यालय परीक्षा केंद्रों की सूची में एपीएस डिग्री कॉलेज बाजना, डालचंद्र महाविद्यालय राया, बाबूलाल महाविद्यालय गोवर्धन, ज्ञान एजूकेशन इंस्टीट्यूट लालपुर सौंख रोड, पीके डिग्री कॉलेज सौनई, श्रीलोकमणि शर्मा महाविद्यालय नौहझील, श्रीप्रताप सिंह डिग्री कॉलेज राया रोड मथुरा, ओडीएम कॉलेज कोयला राया, फैज-ए-आम मॉडल डिग्री कॉलेज मथुरा, डीएनवी कॉलेज बलदेव, केके कॉलेज गोकुल शामिल हैं।