फिरोजाबाद/सिरसागंज। मंगलवार को सिरसागंज के कठेरिया समाज के होली मिलन समारोह में आगरा के सांसद और एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया ने भाग लिया।
नगर के इटावा रोड स्थित मुन्नीलाल धर्मशाला में कठेरिया समाज के होली मिलन समारोह में कार्यक्रम के आयोजक रिषीराज सिंह ने शाल व प्रतीक चिंन्ह भेट कर रामशंकर कठेरिया का स्वागत किया। सांसद रामशंकर कठेरिया ने कहा कि समाज के समारोह न केवल लोगों को एक दूसरे से जोडते हैं बल्कि लोगों में एकता और ऊंच नीच के भेद को भी समाप्त करते हैं।
कठेरिया समाज सदैव ही भारतीय जनता पार्टी का कटटर समर्थक रहा है और समाज के विकास में अपना अहम योगदान देता आया है। वहीं वार्ता के दौरान पार्टी की उपचुनाव में फूलपुर और गोरखपुर दोनों सीटों पर हार के जवाब में उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं कोई रणनीति में चूक हुई है जिस पर पार्टी के शीर्ष नेता मंथन करेंगे कि आखिर हमसे चूक कहां हुई है और आगामी लोकसभा चुनाव के लिये ठोस रणनीति बनाई जाएगी।