मैनपुरी। गोकशी को लेकर कुख्यात गांव सिकंदरपुर में रविवार शाम को मीट और अवैध शराब बिक्री को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। मारपीट में तीन युवक घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया। तीन आरोपियों को पुलिस पकड़ कर थाने ले गई। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं गांव में सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात की गई है।
कोतवाली क्षेत्र का गांव सिकंदरपुर गोकशी को लेकर कुख्यात है। कई बार पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कसाइयों और प्रतिबंधित मीट पकड़ा है। कई बार गोवंश भी मुक्त कराया जा चुका है। रविवार शाम को गांव में प्रतिबंधित मीट को बेचने वाले और कच्ची शराब का कारोबार करने वाले गुट के बीच विवाद हो गया। दोनों एक-दूसरे से धंधे का टैक्स दिए जाने की बात कह रहे थे। इस बात को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव होने लगा। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई।
सूचना मिलने के बाद पुलिसबल गांव में पहुंच गया। पुलिस को आता देख मारपीट कर रहे लोग भागने लगे। मारपीट में सलमान, फरजान और मुन्ना घायल हो गए। पुलिस ने बिलाल अजीज, जीशान और सलमान को पकड़ लिया। पकडे़ गए आरोपियों को पुलिस थाने ले गई। वहीं दोबारा विवाद की स्थिति न बने इसके लिए सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।