मैनपुरी। दमकल सेवा आपातकालीन सेवाओं में से एक है। समय पर सटीक सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी जाने कितने ही जानों को बचाते हैं। वहीं कुछ शरारती तत्व फेक कॉल करके परेशान कर रहे हैं। रोजाना 50 से 60 फेक कॉल फायर ब्रिगेड के दफ्तर में पहुंच रही हैं। कोई फिल्मी गाने की फरमाइश करता है तो कोई अश्लील बातें। कॉल करने वालों में युवाओं के साथ ही युवतियां भी शामिल हैं।
ड्यूटी पर तैनात दमकलकर्मी बताते हैं कि 101 हेल्पलाइन नंबर पर रोज 50 से 60 फेक कॉल आ रही हैं। कोई टेलीफोन ड्यूटी पर बैठे पुलिसकर्मी को गाली देता है तो कोई अभद्र बातें करता है। यहां तक तो गनीमत है लेकिन कुछ युवतियां भी शरारत करने से बाज नहीं आतीं। शुक्रवार को टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जितेंद्र राठौर की मानें तो कई बार लड़कियां फोन करके मोबाइल फोन रिचार्ज कराने, फरमाइशी गाना सुनाने की बात कह चुकी हैं। कई बार तो लोग आग लगने की सूचना तक फर्जी दे देते हैं।
क्यों नहीं होती कार्रवाई
मैनपुरी। दमकल विभाग में 101 नंबर डायल कर फर्जी सूचना देने वालों की तादाद इतनी होती है कि किसी एक नंबर को सर्विलांस पर लगाना आसान नहीं होता। परेशान करने वाले या तो किसी एसटीडी बूथ से फोन करते हैं, कई के तो मोबाइल के नंबर भी नहीं आते। एक कर्मी ने बताया कि पूर्व में कुछ नंबर सर्विलांस पर लगाए गए थे। जब पुलिस पहुंची तो फोन करने वाले नाबालिग निकले। परिवारीजनों ने माफी मांग ली। इस वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी।
पूर्व में थाने में भी शिकायत दी गई थी। कई लोग पकडे़ गए। उन्हें हिदायत देकर छोड़ा गया था। रोजाना इतनी संख्या में फोन कॉल परेशान करते हैं। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी फोन करतीं हैं। कार्रवाई के लिए थाना पुलिस को लिखा जाएगा।
मनु शर्मा, मुख्य अगिभनशमन अधिकारी