सस्ती दर पर लोगों को बंटी प्याज
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। योगी सरकार ने महंगे टमाटर और प्याज को आम आदमी तक सस्ती कीमत में पहुंचाने की पहल की है। इसके तहत अब प्रत्येक दिन कृषि उत्पादन मंडी में सरकारी दर पर बिक्री की जाएगी। इसमें प्याज की कीमत 25 और टमाटर 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगा। मंगलवार को इसकी शुरुआत में एक घंटे में ही सब प्याज और टमाटर बिक गए। अधिकतर लोगों को मायूस लौटना पड़ा।
एक पखवाडे़ से टमाटर का फुटकर भाव 60 से 80 रुपये और प्याज 40-50 रुपये प्रति किलो बेची जा रही है। टमाटर और प्याज के आसमान छूते भाव से आम आदमी परेशान है। इस स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए योगी सरकार ने कृषि उत्पादन मंडी के स्तर से सस्ती दरों पर इनकी बिक्री कराने की पहल की है। इसके तहत मथुरा कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेट पर मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा की निगरानी में प्याज और टमाटर की दो दुकान लगवाई गई। इसमें टमाटर 30 और प्याज का भाव 25 रुपये किलो रखा। सुबह 11:30 बजे से मंडी सचिव गाहे बगाहे अधीनस्थों के साथ मंडी गेट पहुंचे और सस्ता प्याज-टमाटर बिकवाने लगे। एक घंटे में ही पूरा माल बिक गया।
इसके बाद दुकान बंद कर दी गई, जबकि यह बिक्री सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक होनी है। इसमें टमाटर और प्याज की बिक्री के लिए औपचारिकता पूर्ण ही सामान रखा गया। इसके चलते सस्ते टमाटर और प्याज लेने गए लोगों को निराश लौटना पड़ा। मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि खरीदार ज्यादा हो जाने के कारण यह स्थिति हुई है। अब इसमें सुधार कर लेंगे।