फिरोजाबाद। कृषि मेला एवं किसान गोष्ठी में किसानों की समस्याएं गूंजी। उन्होंने फसलों के उत्पादन का उचित मूल्य दिलाने व किसान आयोग के गठन की मांग की। वैज्ञानिकों ने किसानों से नई तकनीकि का प्रयोग करके फसलोत्पादन को बढ़ाने की विधि बताई। किसानों की समस्याओं को हल कराने का भरोसा दिया।
विकास भवन प्रांगण में आयोजित किसान गोष्ठी एवं मेले का शुभारंभ शिकोहाबाद विधायक डा.मुकेश वर्मा ने फीता काटकर एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित करके किया।पांडाल में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए कैंपों का निरीक्षण किया। किसानों के लिए इन दिनों बोए जाने वाले बाजरा के साथ अन्य उन्नतिशील बीज की जानकारी दी।
विधायक डा. मुकेश वर्मा ने कहा प्रदेश की सरकार ने किसानों के ऋण माफी के साथ उनके उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। किसानों ने जो समस्याओं को रखा है उनका निदान कराया जाएगा।सीडीओ अशोक कुमार ने कहा कि किसानों और हमारे मध्य लगातार संवाद रहेगा। किसानों की मूल समस्याओं को प्रशासन हल कराने को ही तत्पर रहेगा। उप निदेशक कृषि प्रसार एसके दुवे ने किसानों को कृषि विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने इस दौरान किसानों को बीज के बारे में बताया। कृषि वैज्ञानिक डा. सुभाष शर्मा ने किसानों को शिमला मिर्च के बारे में कई जानकारी दी। डा.नरेशचंद्र ने स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी दी।केवीके प्रभारी डा.तेज प्रकाश एवं डा. ओमकार यादव ने भी नई तकनीकि के बारे में बताया।
इधर किसान शेर सिंह यादव ने किसान आयोग के गठन करने व किसानों की समस्याओं को रखा तथा उदयवीर सिंह,राजेश प्रताप सिंह, मेघ सिंह,लोकेश कुमार, मेघ सिंह सुरेंद्र सिंह फौजी ने समस्याओं को रखा। संचालन कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने किया।इस दौरान डीएचओ बलजीत सिंह व सीबीओ डा.प्रभंजन शुक्ला,मत्स्य निरीक्षक श्रीकिशन शर्मा,कृषि रक्षा विभाग के डा.योगेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।