शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच खाद्य विभाग ने धौलपुर से आ रहा 1270 किलो संदिग्ध खोआ पकड़ा। मानक के विपरीत पाने पर मौके पर नष्ट करा दिया गया।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय महेंद्र ने बताया कि शहीद नगर पुलिस चौकी के पास बोलेरो मैक्स वाहन की जांच की गई। वाहन में बीपी सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी नदौरा, राजाखेड़ा (धौलपुर, राजस्थान) की ओर से लाया जा रहा खोआ एफएसडब्ल्यू (फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स) वैन की जांच में मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
इसके बाद नियमानुसार खोआ के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। जांच में यह भी सामने आया कि खोआ अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था और उसमें दुर्गंध आ रही थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। वाहन में 18 डलिया खोआ था, जिसमें प्रति डलिया 70 किलो के हिसाब से कुल 1270 किलो खोआ पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2.64 लाख रुपये है। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्र विजय सिंह, जितेंद्र कुशवाहा, कृष्ण चंद्र, राकेश कुमार और खाद्य सहायक राम किशन शामिल रहे।