एटा। पोलिंग बूथ पर रवानगी के समय मतदान कार्मिकों को दी जाने वाली मेडिकल किट स्वास्थ्य विभाग के लिए गले की फांस बन गई है। पहले से ही दवाओं की कमी से जूझ रहा विभाग अब तीन हजार किट कैसे तैयार करेगा? इस किट में जरूरी दवाओं के साथ पट्टी आदि भी होतीं हैं। आदेश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने किट तैयार कराना शुरू कर दिया है।
लोकसभा सामान्य निर्वाचन में जुटने वाली टीमों के लिए स्वास्थ्य विभाग मेडिकल किट तैयार करने में लगा है। इस बार 400 मेडिकल किट अधिक तैयार करके 3000 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव में 2600 किट तैयार की गई थी। मेडिकल किटों में जरूरी दवाएं जैसे चोट लगने, सर्दी, बुखार, उल्टी, दस्त आदि को मुहैया कराया जा रहा है।
जिम्मेदारों का कहना है कि कुछ दवाएं कम हैं और उनकी मांग की गई है। दवाएं बहुत जल्द मिलने की उम्मीद है और समय से किट तैयार हो जाएंगी। सीएमओ डा. अजय अग्रवाल ने कहा कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार 400 मेडिकल किटों का लक्ष्य बढ़ाया गया है। कुछ दवाएं कम हैं जिनकी मांग की गई है। मेडिकल किटें समय से तैयार कर ली जाएंगी।