फिरोजाबाद। सड़क हादसे में मृत हुए मथुरा जिले के निवासी एचसीपी विजेंद्र गौतम को पुलिस लाइन में सलामी देने के साथ शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के दो बेटा एवं तीन बेटियां हैं। एसएसपी सचिंद्र पटेल एवं एसपी ग्रामीण ने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया।
पुलिस लाइन में तैनात एचसीपी जिला मथुरा थाना राया के मदैन निवासी विजेंद्र सिंह गौतम (58) की रविवार को देर शाम मेटाडोर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। एचसीपी की मौत की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शव पुलिस लाइन प्रांगण ले जाया गया। शव को सलामी देने के साथ ही उसके पैतृक गांव भिजवाने की व्यवस्था की। एसएसपी सचिंद्र पटेल व एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। एसएसपी ने भरोसा दिया कि पुलिस प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है। इस दौरान सीओ लाइन अजय सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक राम सिंह, लाइन में ही तैनात आरटीसी स्टाफ व सिपाही मौजूद थे।