फिरोजाबाद। योगी सरकार ने भले ही पूरे प्रदेश में प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगाया है, इसके बावजूद पूरे शहर में धड़ल्ले से पॉलिथीन का प्रयोग हो रहा है। मंडलायुक्त ने शुक्रवार को मामले में संज्ञान लेते हुए प्लास्टिक कैरी बेग की बिक्री करने वालों के पंजीकरण निरस्त करने के निर्देश जारी किए हैं।
टीटीजेड में बढ़ते प्रदूषण को लेकर अफसरों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं, इसके बावजूद टीटीजेड में शामिल आगरा, फिरोजाबाद व मथुरा में प्लास्टिक बैग का धड़ल्ले से प्रयोग हो रहा है। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने टीटीजेड में शामिल आगरा, फिरोजाबाद व मथुरा के डीएम, नगर आयुक्त, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों को आदेश जारी किए प्लास्टिक बैग शहर के अंदर न आने पाएं।
इसके लिए वस्तु एवं सेवाकर विभाग के प्रवर्तन सेल से निरंतर चेकिंग की जाए। जिन व्यापारियों के चालान किए हैं, उनके विरुद्ध नोटिस जारी किए जाएं। नगर निगम ने जिन व्यापारियों के चालान किए हैं, उनके पंजीकरण निरस्त करने की प्रभावी रूप से कार्यवाही की जाए।
प्लास्टिक बैग रखना, दुकानदारों का उसमें सामान बेचना गलत है। इस पर सरकार ने प्रतिबंध लगाया है तो उसका पूरा पालन होना चाहिए। वस्तु और सेवा कर विभाग का यह दायित्व है कि शहर में प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल न हो।