टूंडला (फिरोजाबाद)। नगर के एक डिग्री कालेज में पढ़ने वाली छात्रा से साथ पढ़ने वाले साथी छात्र ने तमंचा दिखाते हुए छेड़छाड़ कर दी। इतना ही नहीं इकतरफा इश्क में डूबे सिरफिरे छात्र ने विरोध करने पर चेहरे को तेजाब डालकर जला देने की धमकी भी दी। छात्रा के परिजनों ने तहरीर दी।
नगर के मोहल्ला कच्चा टूंडला निवासी एक छात्रा नगर के ही एक डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। छात्रा को कालेज आने जाने के दौरान उसके साथ ही पढ़ने वाला एक छात्र परेशान करता है। इतना ही नहीं उसके साथ उसका भाई भी उसका सहयोग करता है। इस मामले में छात्रा ने कई बार कालेज प्राचार्य को अवगत कराया।
बुधवार दोपहर 12.30 बजे करीब कालेज की छुट्टी होने के बाद छात्रा घर जा रही थी। तभी उस छात्र ने उसे रोक लिया तथा छेड़छाड़ करने लगा। जब उसने उसका विरोध किया तो उसने तमंचा निकालकर उसके सिर पर लगा दिया। साथ ही प्यार स्वीकार न करने पर चेहरे को तेजाब से जला देने की धमकी दी। घटना से भयभीत छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना से अवगत कराया।
घटना से परिजन भी डर गये। परिजन साहस कर छात्रा को साथ लेकर थाने पहुंचे। परिजनों ने आरोपी छात्र लवकुश व उसके भाई नवीन निवासी मोहम्मदाबाद के विरुद्ध तहरीर दी है। थाना प्रभारी बीडी पांडेय ने बताया कि छात्रा की तहरीर मिल गई है तत्काल आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया गया था, किंतु वह नहीं मिला। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।