टूंडला (फिरोजाबाद)। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के किसान इंटर कालेज, ऐलई में पूर्व प्रबंधक, पूर्व प्रधानाचार्य व पूर्व लिपिक पर 12 लाख रुपये गबन के के आरोप लगे हैं। साथ ही रिटायर्ड होने के बाद भी प्रधानाचार्य ने एमडीएम के 99 हजार रुपये निकाल लिए और रिकार्ड गायब कर दिया।
वर्तमान प्रबंधक ने तीनों सहित वर्तमान लिपिक के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। कालेज प्रबंधक वासुदेव शर्मा निवासी नगला सूरज थाना पचोखरा ने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रबंधक सुधीर कुमार उपाध्याय निवासी ऐलई, थाना नगला सिंघी, पूर्व प्रधानाचार्य श्याम बिहारी शर्मा निवासी तेलमिल रोड, टूंडला व पूर्व लिपिक बृजेश कुमार उपाध्याध्य निवासी ऐलई ने मिलकर विद्यालय के करीब 12 लाख रुपये का इस्तेमाल निजी कार्यों में किया है।
31 दिसंबर 2017 को लिपिक सेवानिवृत्त हो गए। इतना ही नहीं प्रधानाचार्य श्याम बिहारी शर्मा ने सेवानिवृत्त होने के तीन दिन बाद गलत तरीके से मिड-डे-मील खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए। कूटिरचित तरीके रिकार्ड गायब कर दिया।
प्रबंधक ने गबन की रिपोर्ट दर्ज कराने को पुलिस में तहरीर दी है। वहीं पूर्व प्रबंधक सुधीर उपाध्याय व पूर्व प्रधानाचार्य श्याम बिहारी शर्मा ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाने का कुचक्र रचा जा रहा है।
काजेल प्रबंधक द्वारा पूर्व प्रबंधक, प्रधानाचार्य व दो लिपकों के विरुद्ध तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप चतुर्वेदी, थाना प्रभारी, नगला सिंघी।