किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव हरचंदपुर में दो दिन पूर्व मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। महिला करीब तीन माह पूर्व प्रेमी के साथ चली गई थी। वापस लौटने के बाद ससुरालीजनों ने रखने से इनकार कर दिया था। मृतका इटावा जिले के भरथना क्षेत्र की रहने वाली थी।
थाना क्षेत्र के गांव हरचंदपुर में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय महिला का शव चारागाह में पड़ा मिला था। चेहरे पर खून लगा था, वहीं गला दुपट्टे से कसा हुआ था। महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। पुलिस लगातार शिनाख्त के प्रयास कर रही थी। करीब 60 घंटा के बाद रविवार को शव की शिनाख्त हो सकी।
मृतका का मोबाइल जब सर्विलांस पर लगाया गया तो पुलिस थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव पहुंची। वहां की महिला ने मृतका की पहचान अपनी बहू के रूप में की, जिसका मायका जिला इटावा के थाना भरथना के एक गांव में है। महिला ने बताया कि चार वर्ष पूर्व उसकी शादी उसके पुत्र के साथ शादी हुई थी। तीन माह पहले बहू अपने किसी रिश्तेदार के साथ चली गई थी।
चार दिन पहले वह ससुराल आई तो ससुरालीजनों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद बहू वापस चली गई। पुलिस अब मायके पक्ष के लोगों से संपर्क करने के प्रयास में जुट गई है। इंस्पेक्टर केके तिवारी का कहना है कि अहम सुराग हाथ लगे हैं। हत्याकांड का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।