मैनपुरी/बिछवां। कोसमा स्थित एक कॉलेज से बीटीसी कर रही छात्रा ने हरचंदपुर स्थित एक महाविद्यालय के प्रबंधक पर हेराफेरी कर छात्रवृत्ति निकालने का आरोप लगाया है। छात्रा ने डीएम, एसपी से शिकायत की है।
नगर के आजाद नगर निवासी बबली पुत्री राजकुमार ने डीएम-एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसने सत्र 2017 बीएड व बीटीसी प्रवेश फार्म भरा था। बीएड की काउंसलिंग आगरा हुई और उसमें नंबर आ गया था।
दो दिन बाद बीटीसी काउंसलिंग ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा हुई, उसमें भी नंबर का गया। उसने बीटीसी के लिए श्रीमती अमली देवी कॉलेज ऑफ एजूकेशन कोसमा मैनपुरी में प्रवेश ले लिया।
वहीं जुलाई 2017 से नियमित ट्रेनिंग कर रही है। स्कूल फीस के नाम से 41-41 हजार रुपये के दो वर्षों के ड्राफ्ट भेज दिए हैं। उधर, हरचंद्रपुर मैनपुरी स्थित महाविद्यालय का प्रबंधक बीएड के फर्जी कागजात तैयार कर अपने कॉलेज में ट्रेनिंग दिखा रहा है।
धोखाधड़ी करके उसके नाम का खाता ग्रामीण आर्यावर्त बैंक कुर्रा मैनपुरी में खुलवाकर छात्रवृत्ति के 51 हजार 250 रुपये, फोटो व फर्जी हस्ताक्षर और पिता का नाम व पता देकर प्रबंधक ने निकाल लिए।
एसपी ने इस प्रकरण में बिछवां एसओ को गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं।