एटा। तीन साल पहले मारपीट की रंजिश में तरिगवां निवासी किसान विशेंद्र की गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को पकड़ कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के कपडे़ और दरांती बरामद कर ली है। खुलासा करने पर जैथरा पुलिस को एसएसपी ने दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
आठ दिन पूर्व किसान विशेंद्र की हत्या के मामले में एएसपी संजय कुमार ने बताया जैथरा पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों मुकेश और गोपी निवासी तरिगंवा को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि करीब तीन साल पहले विशेंद्र ने मुकेश के घर में घुसकर मारपीट कर दी थी। इसके बाद से ही दोनों पक्षा में रंजिश थी।
मुकेश ने अपने साथी गोपी के साथ मिलकर विशेंद्र को शराब पिलाने के बाद गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी जैथरा इंद्रेश पाल ने बताया कि मृतक के कपड़े और दरांती को आरोपियों ने घटना से दूर मक्के के खेत में डाल दिया था। उन्हें भी बरामद कर लिया है। बता दें कि 13 सितंबर को विशेंद्र घर से खेत पर भूसे की बुर्जी बेचने गया था। इसके बाद अगले दिन उसका शव गांव के बाहर पड़ा मिला था।