एटा। मेहता पार्क में प्रसूता के पहुंचने के प्रकरण की जांच के लिए जिला प्रभारी अधिकारी के. रवीन्द्र नायक 13 सितंबर को एटा आ रहे हैं। प्रकरण में कराई गई विभागीय जांच में डाक्टर और कर्मचारियों को क्लीन चिट दी जा चुकी है। हालांकि अब प्रभारी अधिकारी के आने की खबर से खलबली है।
जिले में तीन दिन पहले जिला महिला अस्पताल में प्रसव के बाद महिला रुखसाना मेहता पार्क में दो नवजात बच्चों सहित कैसे पहुंची? और वहां प्रसूता को गंभीर हालत में पुन: अस्पताल में भर्ती कराने के प्रकरण की गूंज शासन तक पहुंच गई है। प्रकरण की जांच के लिए जिले के प्रभारी अधिकारी के. रवीन्द्र नायक को भेजा जा रहा है। वह अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे। यदि लापरवाही उजागर हुई तो इलाज के दौरान मौजूद चिकित्सक और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। हालांकि पूरे मामले में विभागीय जांच कराई जा चुकी है। इसमें चिकित्सक और कर्मचारियों को दोषी नहीं मानते हुए क्लीन चिट दी जा चुकी है।
होगी समीक्षा बैठक
नोडल अधिकारी के. रवीन्द्र नायक जिले में आने के बाद सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसमें शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया जाएगा। सरकार की योजनाएं जमीन स्तर पर कहां तक पहुंची हैं? और अधिकारी कितनी रुचि दिखा रहे हैं? का पूरा खाका तैयार कर शासन को रिपोर्ट दी जाएगी।