मैनपुरी। नगर के दन्नाहार रोड स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कालेज को एक और उपलब्धि हासिल हुई है। इंजीनियरिंग कालेज को शोध केंद्र का दर्जा भी दे दिया गया है। फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ, मैकेनिकल, इलेक्ट्रीकल आदि के शोध इसी कालेज में हो सकेंगे। मैनपुरी जनपद में स्थित इस कालेज के आसपास 200 किमी के दायरे में कोई दूसरा शोध केंद्र नहीं है। इसका लाभ यहां के लोगों को मिलेगा।
एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय पाठक ने इस संबंध में पत्र भी भेज दिया है। राजकीय इंजीनियरिंग कालेज मैनपुरी को उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा के उन्नयन के दृष्टिगत शोध केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। संस्थान के निदेशक बैंकुठनाथ ने इस फैसले को मैनपुरी के लिए उपलब्धि बताया और कहा कि संस्थान देश और प्रदेश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
संस्थान के सह मीडिया प्रभारी बलजीत यादव ने बताया कि संस्थान में उच्च स्तरीय प्रयोगशालाओं का निर्माण शोध के दृष्टिगत किया जा रहा है। संस्थान को एकेटीयू डिजिटल इवेल्यूएशन सेंटर भी बनाया गया है। जिसके तहत सेमिस्टर एग्जाम की कापियों की जांच भी इसी कालेज में होगी। संस्था के लिए शोध छात्रों का पंजीकरण विश्वविद्यालय द्वारा अपेक्षित शोध प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा एवं शोध छात्रों को छात्रवृत्ति डॉक्टर अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के माध्यम से प्राप्त होगी।