फिरोजाबाद/सिरसागंज। मंगलवार को लखनऊ से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिरसागंज पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के हर विभाग का निरीक्षण किया और खामियों को लेकर चिकित्सकों को दिशा निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग लखनऊ के जांच दल में शामिल डा.अर्पित श्रीवास्तव, डा.चारू सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधीर कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डा.कपिल यादव, वीपीएम संतोष कुमार तथा शिवशंकर शर्मा से अस्पताल की ओपीडी, डिलीवरी, पेमेंट, टीकाकरण, मरीजों के भोजन व्यवस्था, नसबंदी विभाग, कोल्ड चैंबर, बीबीएम यूनिट, आशाओं के भुगतान संबधी अभिलेखों का ू निरीक्षण किया। बारह सौ डिलीवरी के भुगतानों में एक हजार के पेमेंट देख अधिकारियों ने नाराजगी जताई और शेष 200 रुपये लाभार्थियों को तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। आयुष विभाग में दवाओं के रखरखाव को लेकर अधिकारियों ने फटकार लगाते हुए व्यवस्थित तरीके से रखने को निर्देश दिए।