मैनपुरी। मां-बाप उसके बाद सरपरस्त दादी की मौत के बाद अनाथ बच्चों को आश्रय दिलाने के लिए बाल कल्याण समिति ने कदम आगे बढ़ाए हैं।
उधर बच्चों की बुआ ने उनको साथ रखने व देखरेख की हामी भर दी है। समाजसेवियों ने मदद के लिए करीब चार लाख रुपये भी जुटाए हैं। फिलहाल बच्चों को एक सप्ताह के लिए बुआ के साथ भेजा गया है। वापस लौटने के बाद उनके आश्रय को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
कस्बा बेवर निवासी सरदार सुरजीत सिंह और पत्नी मनप्रीत कौर की मौत के बाद तीन बच्चे सिमरन अरोरा (15), सहज अरोरा (12) और राजा (11) की परवरिश दादी केसर कौर कर रहीं थीं। 10 जनवरी को उनकी मौत के बाद बच्चे अनाथ हो गए। जानकारी मिलने के बाद बाल कल्याण समिति की सदस्य आराधना गुप्ता मंगलवार को बच्चों से मिलने पहुंची। वहां बच्चों की बुआ हरदीप कौर निवासी रायपुर छत्तीसगढ़ भी मौजूद थीं।
बातचीत करने पर उन्होंने तीनों बच्चों का जिम्मा लेने की बात कही। वह एक सप्ताह के लिए बच्चों को साथ ले जाने को तैयार थीं। उनका कहना था कि लौटने के बाद वह बताएंगी क्या वह बच्चों की देखरेख कर सकती हैं या नहीं, बाल कल्याण समिति सदस्य ने बताया कि एक सप्ताह बाद ही बच्चों के संरक्षण को लेकर फैसला होगा। यदि बुआ साथ रखेंगी तो सारी कानूनी प्रक्रिया पूर्ण की जाएंगी। अन्यथा की दशा में समिति बच्चों का संरक्षण करेगी। बताया कि समाजसेवियों ने बच्चों के लिए करीब चार लाख रुपये जुटाई हैं। जिनकी एफडी बच्चों के नाम कराई जाएगी।