फिरोजाबाद। विभव पार्क के सुंदरीकरण के कार्य का बुधवार को शिलान्यास हुआ तो पार्षद आमने-सामने आए गए। उन्होंने अपना क्षेत्र बताते हुए हंगामा, नारेबाजी शुरू कर दी। एक पार्षद ने शिलान्यास के लिए आया सामान भी फेंक दिया। मामला बढ़ता देख अफसरों ने शिलान्यास कार्यक्रम रद्द कर दिया।
नगर निगम प्रशासन द्वारा अमृत योजना के अंतर्गत शहर के आधा दर्जन पार्कों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। बुधवार को विभव नगर पार्क का करीब 20 लाख की धनराशि से शिलान्यास होना था। ठेकेदार सुबह पार्क में शिला पट्टिका व अन्य सामान लेकर पहुंचा। पार्क में वार्ड 11 न्यू रामगढ़ के पार्षद योगेश भी पहुंच गए थे।
इसके बाद वार्ड नं. 13 सरस्वती नगर की पार्षद विमला देवी भी पहुंच गईं। वह शिलापट्टिका पर योगेश का नाम लिखा होने के कारण भड़क गईं। हंगामा होने पर क्षेत्र की जनता एकत्रित हो गई।
पार्षद विमला देवी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शिलान्यास के लिए आया सामान भी उठा कर फेंक दिया। देखते ही देखते दोनों पार्षदों में नोंकझोंक होने लगी। हंगामा व नारेबाजी की सूचना पर नगर निगम अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने काफी समझाने का प्रयास किया, परंतु दोनों में से कोई पार्षद मानने को तैयार नहीं हुआ। मौके से अफसर भी वापस लौट आए। एक्सईएन एसपी मिश्रा ने बताया कि परिसीमन के अनुसार पार्क वार्ड नंबर 11 में आता है। उसी अनुसार पार्षद योगेश का नाम पट्टिका पर लिखवाया गया था। विरोध के चलते शिलान्यास कार्यक्रम निरस्त कर दिया है।