फिरोजाबाद/मक्खनपुर। थाना मक्खनपुर पुलिस ने 23 दिन पूर्व हुए स्वर्णकार लूटकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के आभूषण के साथ कैश, दो तमंचा एवं लूट में प्रयोग की गई बाइक बरामद की है। एक आरोपी भागने में सफल रहा।
कस्बा मक्खनपुर सदर बाजार निवासी बिश्नू कुमार गुप्ता (30) पुत्र रामशंकर गुप्ता के साथ बाइक सवार लूटेरे विगत 26 दिसंबर को दुकान बंद कर घर जाते वक्त बाजेवाली गली के पास मिर्ची पाउडर झाेंक कर जेवरात से भरा थैला लूटकर फरार हो गए थे। वारदात चौकी प्रभारी ब्रहमावती यादव एवं सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया था। व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन किया तो एसपी देहात महेंद्र कुमार ने सही खुलासे का भरोसा दिया था।
एसएसपी डा.मनोज कुमार ने घटना के खुलासे के लिए टीमें तैनात की थीं। बुधवार को पुलिस ने जेबड़ा तिराहे पर बदमाशों की घेराबंदी तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर चार लुटेरों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए सोेने के जेवर एवं नकदी के साथ दो तमंचा एवं दो बाइक बरामद की है।
आरोपियों में थाना मक्खनपुुर के जेबड़ा रोड निवासी सोनू यादव, रेलवे रोड मक्खनपुर निवासी आकाश, एटा थाना जैथरा के शोभनपुर एवं हाल निवासी आदर्शनगर शिकोहाबाद नीलेश यादव, एटा अवागढ़ के कुशवाह नगर एवं हाल निवासी दीदामई पानी की टंकी के पास रामगढ़ अबरार, शामिल हैं। जबकि फरार साथी का नाम जसराना क्षेत्र के प्रानपुर निवासी भूरा बताया है।