टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक कार को ट्रक में फंसाकर पांच किलोमीटर तक मौत बनाकर घसीटता हुआ ले गया। कार सवार दो दोस्तों ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस बैरियर तोड़ने वाले चालक को हाईवे पर वाहनों को खड़ा करके पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
हीरानगर निवासी सुरजीत का गुरुवार को लगभन समारोह था। देर रात करीब ग्यारह बजे वह अपनी कार में दोस्त के साथ जीआईसी कॉलोनी से लौट रहा था। उसकी कार शहर के रोडवेज बस स्टैंड के पास पहुंची ही थी। उसी समय अलीगढ़ की तरफ जा रहे ट्रक ने उसकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक को चालक ने रोका नहीं। इससे कार ट्रक में पीछे फंस गई और चालक कार को घसीटता हुआ ले गया ट्रक को रुकता हुआ न देख कार सवार सुरजीत और उसका दोस्त राहुल खिड़की खोलकर चलती कार से कूद गए। इसके बाद भी चालक ने ट्रक को रोका नहीं और वह कार को ट्रक में फंसाकर शहर से पांच किलोमीटर दूर एफसीआई गोदाम तक ले गया। इसके बाद चालक ने ट्रक को रोका। जिस पर कार ट्रक से निकल गई और हाईवे पर गिर गई। इसके बाद चालक ने ट्रक को फिर से भगाना शुरू कर दिया। जानकारी होने पर सक्रिय हुई पुलिस चालक को पकड़ने के लिए उसका पीछा करने लगी। पिलुआ पुलिस ने बैरियर लगाकर ट्रक को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक बैरियर तोड भाग निकला। इसे देख पुलिस ने भदवास बार्डर पर हाईवे पर वाहनों को खड़ा करा चालक को पकड़ लिया।