टैंटीगांव (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर कार लूट में वांछित 20 हजार के इनामी बदमाश ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया। वहीं, पुलिस उसे पकड़ने की योजना बनाती रह गई।
सुरीर थाना क्षेत्र में दो अक्तूबर को यमुना एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने कार लूट ली थी। वे कार चालक को सुरीर क्षेत्र में चलती कार से सड़क किनारे फेंक गए थे। इस कार लूट में दो बदमाश मयंक निवासी शिवपुरी कालोनी राया एवं मुकेश निवासी मीरपुर थाना पिसावा अलीगढ़ के नाम प्रकाश में आए थे।
वांछित बदमाशों पर एसएसपी ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया है कि मयंक निवासी शिवपुरी थाना राया ने न्यायालय में मंगलवार को आत्म समर्पण कर दिया है।