मथुरा। रविवार को जिले में हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) में 2332 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 12 परीक्षा केंद्रों पर 4715 और दूसरी पाली में 20 परीक्षा केंद्रों पर 7988 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। मजिस्ट्रेटों की निगरानी में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न हो गई। जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दुबे ने बताया प्रथम पाली में प्राइमरी शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। ये परीक्षा प्रात: दस बजे से प्रारंभ हुई। इसमें 5795 परीक्षार्थी को परीक्षा देनी थी लेकिन इस परीक्षा में 1080 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 4715 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में अपर प्राइमरी शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 20 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। ये परीक्षा ढाई बजे प्रारंभ हुई। इसमें 9240 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी लेकिन 1252 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 7988 ने परीक्षा दी।
पेपर देख छूटे पसीने
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में पेपर देने आए अभ्यर्थी राजकुमार ने बताया पेपर कठिन था। जीआईसी में नीतू कुमारी भी एक बार पेपर देख परेशान हो गई। परीक्षा कक्ष से बाहर आते ही अन्य अभ्यर्थियों से ग्रुप डिस्कशन शुरू हो गया। परीक्षा केंद्रों से निकलते हुए चेहरे खिले नजर आये।
परीक्षा छूटी तो लग गया जाम
दोपहर साढ़े 12 बजे परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा छूटी तो सड़क पर जाम लग गया। इस जाम में लोग काफी देर तक कराहते रहे। ये ही हाल दूसरी पाली में सायं पांच बजे नजर आया।