मैनपुरी। एआरटीओ कार्यालय में बुधवार को उस समय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जब बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बकाया बिल को लेकर कार्यालय की बिजली काट दी।
एआरटीओ कार्यालय की बिजली का भुगतान वर्षो से नहीं किया गया। इसके चलते कार्यालय पर बिजली विभाग का 325874 रुपये का बिल बकाया हो गया। बुधवार को सुबह 9 बजे बिजली विभाग के कर्मियों ने कार्यालय की बिजली काट दी। इसकी जानकारी होने पर आनन-फानन में डीएम को पत्र लिखा गया।
वहीं बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को भी इस बारे में अवगत कराया गया। लेकिन काफी प्रयास के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। इस दौरान विभाग में कोई भी कार्य न होने से लोगों की भीड़ लग गई। वहीं लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कार्यालय में कोई भी कार्य न होने से लोग मायूस होकर लौटे। वहीं विभाग की ओर से काफी मशक्कत करने के बाद गुरुवार दोपहर के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी।
एआरटीओ राजेश कर्दम ने बताया कि कार्यालय की ओर से बिजली विभाग का बिल जमा नहीं किया गया था। इसके कारण बिल लाखों रूपये में पहुंच गया। बुधवार को बिजली विभाग ने कार्यालय की बिजली काट दी। जो गुरुवार दोपहर तक चालू हो सकी।