एटा/अलीगंज। स्कूल जा रही इंटरमीडिएट छात्रा श्वेता को बुधवार को सरेआम सिरफिरे योगेश द्वारा गोली मारने के बाद खुदकुशी करने के कारण का पुलिस 24 घंटे बाद भी पता नहीं लगा पाई है। पुलिस ने मृतका की साथी छात्राओं से पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन परिवारीजनों ने पुलिस को अपनी बेटियों से पूछताछ की इजाजत नहीं दी। इसके चलते पुलिस टीम को बैरंग लौटना पड़ा। गुरुवार को मृतक छात्रा के पिता ने योगेश के खिलाफ अलीगंज थाने में तहरीर दी है।
अलीगंज में स्कूल छात्रा की गोली मार कर हत्या और सिरफिरे द्वारा खुद को गोली मारकर खुदकुशी करने का कारण पुलिस 24 घंटे बाद भी पता नहीं कर पाई है। पुलिस हत्या और खुदकुशी की वजह पता लगाने में विफल साबित हुई है। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनो परिवारो ने कैल्ठा और डांक बंगलिया में गमगीन माहौल में शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
तहरीर में लगाया छेड़छाड़ का आरोप
गुरुवार को मृतक छात्रा श्वेता के पिता ने मृतक योगेश के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में आरोप लगाया है कि बेटी श्वेता स्कूल जा रही थी कि रास्ते में उसने पकड़ लिया और शोर मचाने पर गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस चौबीस घंटे बाद भी हत्या और खुदकुशी में इस्तेमाल तमंचा बरामद नहीं कर पाई है।
परिवारीजनों ने नहीं करने दी साथी छात्राओं से पूछताछ
हत्या और खुदकुशी की तह में जाने के लिए अलीगंज पुलिस ने उन छात्राओं से पूछतांछ करने की कोशिश की, जो छात्राएं श्वेता के साथ वारदात के वक्त स्कूल जा रहीं थी, लेकिन परिवारीजनों ने पूछताछ करने की इजाजत नहीं दी। एसओ अलीगंज का कहना है कि पिता की तहरीर को जांच में शामिल करने के अलावा एक दो दिन में माहौल शांत होेने पर छात्राओं के बयान भी लिए जाएंगे।
गेस्ट हाउस के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज वारदात
एसओ अलीगंज ने बताया कि एलटीसी गेस्ट हाउस के सामने जिस स्थान पर छात्रा की हत्या और युवक द्वारा खुदकुशी करने की वारदात हुई थी। उस स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगा है। वारदात कैमरे में कैद हुई है। पुलिस टीम कैमरे की फुटेज निकालने के प्रयास में जुटी है। ताकि पता चले कि वारदात का अंजाम किन हालात में दिया गया।