आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्तूबर) के अंतर्गत 19 सितंबर से विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से साइकिल यात्रा, विद्यालय भ्रमण और पौधरोपण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।
कुलपति प्रो. आशू रानी की अध्यक्षता में बीते दिनों हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई थी। समिति को साइकिल यात्रा का मार्ग चयन, शिक्षकों और छात्रों को जोड़ने तथा कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रा का पहला चरण 19 सितंबर की सुबह 7 बजे खंदारी स्थित विवेकानंद प्रतिमा से प्रारंभ होगा। यह बीएसए कॉलेज मथुरा, श्री सिंह विश्राम महाविद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालय होते हुए मथुरा के कई शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगी।
इस दौरान पौधरोपण और संवाद कार्यक्रम होंगे। 20 सितंबर को यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा, जो श्री सिंह विश्राम महाविद्यालय से निकलकर गोवर्धन, फरह और आगरा होते हुए सिकंदरा स्थित कैला देवी मंदिर तक पहुंचेगा। यह करीब 120 किलोमीटर की यात्रा होगी। जिसका उद्देश्य छात्रों में अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और सामाजिक दायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है।