मैनपुरी। कोविड-19 टीकाकरण के दूसरे चरण के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 12 सत्र घोषित किए हैं। यहां 12 सौ लोगों को टीकाकरण किया जाएगा। मंगलवार को सीएमओ ने सत्र स्थल के चयन के लिए अधीनस्थों के साथ बैठक की। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि 22, 28 और 29 जनवरी को होने वाले टीकाकरण के लिए शासन से 12 सत्र निर्धारित किए गए हैं। सत्र स्थल कहां रहेंगे इसके लिए जिला स्तर पर बैठक की जा रही है।
उम्मीद है कि बुधवार को सत्र स्थल की सूची तैयार कर ली जाएगी। मंगलवार को सीएमओ ने द्वितीय चरण के टीकाकरण के लिए अधीनस्थों के साथ बैैठक की। सीएमओ ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि शासन से टीकाकरण के लिए जो निर्देश मिले हैं, उनका हर हाल में पालन किया जाए। शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। यदि किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत आ रही है तो उसकी जानकारी तुरंत उन्हें दी जाए। सीएमओ ने कहा कि दूसरे चरण में शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।