मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव रंगपुर में एक युवक की प्रेम प्रसंग के चलते जहर देकर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह शव खेत में पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने प्रेमिका सहित परिजनों के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रंगपुर निवासी बंटी पुत्र शिवदयाल नोएडा के सेक्टर 125 में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। रविवार को वह घर लौट रहा था। मां से फोन पर हुई बातचीत में उसने घर पर आने की बात कही थी। परिजनों के अनुसार काफी इंतजार करने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो रात करीब 10 बजे आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति ने फोन कर हत्या किए जाने की बात बताई।
परिजन बंटी की तलाश में जुट गए। सोमवार की सुबह शव गांव स्थित एक खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रेम प्रसंग के चलते युवती और परिजनों ने सुनियोजित साजिश के तहत जहर देकर हत्या की है। वहीं, मौके पर पुलिस को युवती का एक फोटो भी मिला। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग तो मान रही है, लेकिन हत्या करने की बात पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहने की स्थिति में होगी।