कासगंज।
सोरों की भागीरथ गुफा में प्राचीन मुद्राओं का खजाना छिपा हुआ है। गुफा के पुजारी को आए दिन मिल रहीं मुद्राएं इस तथ्य की प्रमाणिकता कर रहीं हैं। प्राचीन मुद्रा लोगों के बीच कौतूहल बनी हुई है। वहीं पौराणिक गुफा के संरक्षण का कोई विशेष इंतजाम नहीं है।
बताया जाता है कि ये मुद्राएं सैकड़ों वर्ष पुरानी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि ये मुद्राएं किस काल की हैं, लेकिन कुछ जानकार इन्हें कुषाण गुप्त, मुगल व अन्य काल से जुड़ी बता रहे हैं। तीर्थनगरी की पौराणिक भागीरथ गुफा काफी प्राचीन है। बताते हैं कि भागीरथ ने इस गुफा पर तपस्या की और गंगा प्रसन्न हुईं और गंगा का अवतरण हुआ।
कई अन्य पौराणिक किस्से इस गुफा से जुड़े हुए हैं। बताया जाता है कि इस गुफा में महर्षि कपिल मुनि ने भी तपस्या की। यह गुफा वाराणसी तक बताई जाती है, लेकिन इस गुफा में मौजूदा समय में कुछ दूरी तक ही जाया जा सकता है। गुफा के मंदिर में रह रहे पुजारी बताते हैं कि इस गुफा में कुछ दूरी तक ही जाया जा सकता है। इसके बाद ऑक्सीजन की कमी हो जाती है
। यह गुफा श्रद्धालुओं के बीच हमेशा से रहस्य बनी हुई है। मिट्टी के बीच बनाई गई यह गुफा का रहस्य अभी तक सामने नहीं आ पाया है, लेकिन गुफा से मिलने वाले सिक्के यहां खजाने का संकेत जरूर देते हैं। गुफा के पुजारी अर्जुनगिरी का कहना है कि गुफा में सफाई के दौरान मिट्टी में उन्हें कई बार सिक्के मिले हैं। पुजारी का कहना है कि मिट्टी निकालकर उन्होंने कई बार सफाई की है और जब भी वह सफाई करते हैं तो यहां सिक्के मिलते हैं।
हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि भागीरथ गुफा में प्राचीन मुद्राएं निकल रहीं हैं। अब यह संज्ञान में आया है। पर्यटन विभाग टीम भेजकर मामले की जानकारी लेगा और प्राचीन मुद्रा को संरक्षित किया जाएगा। वसंत कुमार, सहायक अभियंता, पर्यटन विभाग, आगरा।