मथुरा। एक साल से पांच साल तक के बच्चों के आधार कार्ड बनवाने का जिम्मा अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा। जनपद के 45 हजार बच्चों का कुपोषण दूर करने और विभिन्न योजनाओं में मिलने वाली राहत राशि को लेकर योजनाओं से बच्चों के आधार कार्ड से लिंक किया जाएगा।
जनपद में एक साल से लेकर पांच साल तक के बच्चों के किए गए सर्वे में 3.15 लाख बच्चे पाए गए हैं। इसमें पुराने सर्वे के अनुसार 30 हजार कुपोषित तथा 15800 बच्चे अति कुपोषित की श्रेणी में हैं। बच्चों का कुपोषण दूर करने को चलाई जा रही योजना का बंदरबांट रोकने के लिए अब हर बच्चे को आधार कार्ड से लिंक किया जाएगा। इसके लिए एक से पांच साल तक के बच्चों के आधार कार्ड बनवाए जाएंगे।
बच्चों के आधार कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की तय की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी रेखा रानी ने बताया कि जनपद के 2363 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ियों को सीडीपीओ ट्रेनिंग देंगी। सीडीपीओ को प्रदेश सरकार द्वारा किट दी जा रही है।
किट में मौजूद डिवाइस बच्चों के अंगूठा लगवाकर डाटा रिस्टोर करेंगी और आंगनबाड़ी बच्चों के नाम पते आदि जुटाएंगी। फिर आधार कार्ड सेंटरों से सभी बच्चों के आधार कार्ड बनवाए जाएंगे। इसके लिए सीडीपीओ को ट्रेनिंग दी जा रही है।