मथुरा। शातिर चोरों ने एफटीसी कोर्ट-2 कार्यालय का ताला तोड़कर सात फाइलें चोरी की थीं। सभी फाइलें हत्या तथा हत्या के प्रयास की कोर्ट में लंबित केसों की थीं। यह चोरी 21 अक्तूबर की रात को हुई थी। कोर्ट ने चोरी हुई फाइलों की जानकारी थाना सदर को दे दी है।
शातिर चोरों ने कोर्ट की चारदीवारी के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट की छत से अंदर घुसकर कार्यालय का ताला चटकाया था। कार्यालय में हजारों फाइलें रखी थीं। चोरों ने इन सभी फाइलों को खंगाला और इनमें से एक हत्या की तथा हत्या के प्रयास और उनसे जुड़ी सात फाइलों को चोरी कर ले गया।
चोरी गई फाइलों में सभी मुकदमों में सुनवाई चल रही थी। कोर्ट को चोरी गई फाइलों की जानकारी सभी फाइलों का रिकार्ड जांचने के बाद हो सकी। इसकी जानकारी कोर्ट के बाबू द्वारा करीब एक सप्ताह पूर्व थाना सदर बाजार को दे दी गई।
इस संबंध में थाना सदर बाजार में पहले ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। माना जा रहा है कि चोर ने ध्यान भटकाने के उद्देश्य से एक फाइल की बजाय सात फाइलें चोरी की हैं। फाइलों की चोरी की जानकारी मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस हरकत में आ गई है। उसके द्वारा चोरी के मामले मेें छानबीन शुरू कर दी है । थानाध्यक्ष सदर बाजार ने बताया कि चोरी के मामले में छानबीन की जा रही है ।