मथुरा। अलग-अलग सड़क हादसों में थाना बलदेव के चौकीदार समेत दो की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बलदेव के गांव दघेंटा निवासी बिजेंद्र (58) पुत्र रामप्रसाद थाना बलदेव में चौकीदार था। शनिवार को वह साइकिल से गांव लौट रहा था। अवैरनी चौराहे के पास स्कूली बस ने टक्कर मार दी। मौके पर चौकीदार की मौत हो गई। बलदेव पुलिस स्कूली बस की तलाश कर रही है। मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उधर, सादाबाद (हाथरस) के गांव पचावरी निवासी कन्हैयालाल (60) पुत्र मेवाराम गांव के ही राजवीर के साथ गोवर्धन की परिक्रमा देकर बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। टाउनशिप के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
मौके पर कन्हैयालाल की मौत हो गई, जबकि राजवीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक अरविंद पाल ने बताया कि बाइक सवार की मौत हुई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।