पटियाली। गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम नगला भगना में रविवार देर रात एक यूकेलिप्टस के बाग में आग लगने से मधुमक्खियों को पालने के लिए लगे 750 बॉक्स के छत्ते मक्खियों सहित जल गये। इससे मधुमक्खी पालकों का लगभग 22 लाख रुपये के नुकसान हो गया।
ग्राम नगला भगना निवासी भीमसेन ने अपने खेत की मक्का काटकर उसके मकरेणा में रविवार की देर शाम आग ला दी। आग शांत होने के बाद वह अपने घर चला गया। देर रात हवा से आग सुलग गई और पड़ोस के ग्राम गणेशपुर निवासी शाहजेब के यूकेलिप्टस के बाग में लग गई।
बाग में मक्खीपालन के लगभग 800 बॉक्स रखे थे। इनमें मधुमक्खी और उनके छत्ते थे। आग लगने से लगभग 750 डिब्बे जल गए। सुबह बाग में पहुंचने पर मधुमक्खी पालक के होश उड़ गए। जानकारी पर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहंच गए। जले बॉक्स मधुमक्खी पालक धर्मेंद्र पुत्र रघवीर, सुनील कुमार पुत्र रक्षपाल सिंह, अभिषेक प्रताप पुत्र रामगोपाल, निरंजन पुत्र रामेश्वर, अरविंद पुत्र प्रहलाद, राकेश, मनोज और भारत के थे।
मधुमक्खी पालक धर्मेंद्र ने बताया एक बॉक्स की कीमत मक्ख्यिों सहित लगभग तीन हजार रुपये होती हैं। आग से जले बॉक्सों से मधुमक्खी और छत्ते आदि के जलने से लभग 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।