पटियाली में हुए भीषण अग्रिकांड के लिए अभी क्षति का आकलन चल रहा है। शीघ्र ही यह आकलन पूरा होते ही सहायता राशि पीड़ितों के खाते में दी जाएगी। गुरुवार को प्रशासन ने अग्नि पीड़ित गांवों में खाना बनवाकर ग्रामीणों को खिलवाया।
जिलाधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि जिन दो बच्चों की मौत आग की घटनाओं में हुई है। उन बच्चों के परिवारीजनों को 4-4 लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी। इनके अलावा जिनके मकान जले हैं, घरेलू सामान जला है एवं पशुओं की मौत हुई है। पटियाली के एसडीएम धीरेंद्र कुमार को निर्देश दिए गए हैं। वहीं पटियाली के एसडीएम ने बताया कि गांव में खाद्य सामग्री वितरित की गई है। वहीं पका हुआ भोजन भी ग्रामीणों को दिया गया है।
विधायक ने प्रभावित गांव का किया दौरा
कासगंज।
पटियाली के विधायक ममतेश शाक्य ने क्षेत्र के अग्नि पीड़ित गांवों में दौरा करके मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों के परिवारीजनों से भी मुलाकात की। उन्हें ढांढस बंधाया।
शादी में आई थी मृतक बालिका डिंपल
कासगंज। पटियाली के नगला करन में आग से जलकर मौत का शिकार हुई डिंपल अपनी मां पूजा के साथ गांव में आई थी। बुधवार को शादी थी। देर रात्रि तक परिवारीजन शादी में रहे। उसके बाद डिंपल सुबह देर तक सो रही थी और सोते समय आग का शिकार हो गई। पूजा का रो रोकर बुरा हाल है।
सुखदेवी ने खोया अपना लाल
कासगंज। पटियाली के नगला दुरगु में मौत का शिकार हुए कालीचरन (6) की मौत के बाद उसकी मां सुखदेवी का भी बेहद बुरा हाल था। जब सुखदेवी के घर में आग लगी तो उस समय कालीचरन झोपड़ी में सोव्या हुआ। जब बालक का ध्यान आया तो उस समय तक बहुत देर हो चुकी थी।
सिलेंडर के विस्फोट से उड़ा बक्सा
नगला दुरगु में कुंवर पाल के घर में आग के दौरान घर का सामान जल रहा था उस समय घर के बक्से में बंद गैस का सिलेंडर था। आग से जब बक्सा पूरी तरह से गर्म होकर जलने लगा तो सिलेंडर में भी विस्फोट हुआ और विस्फोट के दौरान बक्सा काफी ऊंचाई तक ऊपर उछला और पेड़ से जा टकराया।
अमरूद के बाग में लगी आग
कासगंज। क्षेत्र के मुबारिकपुर सीकतरा गांव में महेश सिंह के अमरूद के बाग में आग लग गई। जिससे अमरूद के 60 पेड़ काफी जल गए। ग्रामीणों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया। बाद में ट्यूबवेल चलाकर बाद में पानी छोड़ा गया जिससे आग पर काफी देर के बाद काबू पाया जा सका।