पुलिस को वारदात की जानकारी देता युवक
- फोटो : Bureau
टूंडला। सिरसागंज के विधायक हरिओम यादव व उनके पुत्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ थाना पचोखरा में जिला पंचायत सदस्य विजय धनगर के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।
थाना पचोखरा के गांव सिकरारी निवासी विजय धनगर पुत्री सूबेदार सिंह वार्ड नंबर 19 से जिला पंचायत सदस्य हैं। उनके चाचा राजेश निवासी गांव सिकरारी का आरोप है कि दो मार्च को उनकी भतीजी घर थी। दोपहर के समय सिरसागंज विधायक हरीओम यादव व उनके पुत्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप उर्फ छोटू अपने 10 साथियों के साथ होली खेलने के बहाने घर आए थे।
वह उनकी भतीजी का अपहरण कर ले गए। पिता सुबेदार सिंह पुत्री की खोज में विधायक के घर गए। जहां विधायक व उनके पुत्र ने उन्हें भी बंधक बना लिया। वह भतीजी विजय की तलाश में भटक रहे हैं। राजेश की तहरीर पर पुलिस ने विधायक हरिओम यादव व उनके पुत्र विजय प्रताप उर्फ छोटू व 10 अन्य के विरुद्ध अपहरण व एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।